अल्मोड़ा

अल्मोड़ा में औषधि निरीक्षक का औचक निरीक्षण, एक मेडिकल स्टोर पर क्रय-विक्रय पर रोक

गीता जोशी (संपादक) · 8 जून 2026 | 08:50 pm

अल्मोड़ा में औषधि निरीक्षक का औचक निरीक्षण, एक मेडिकल स्टोर पर क्रय-विक्रय पर रोक
विज्ञापन (Top) · Ad Space

अल्मोड़ा: जनपद में जनस्वास्थ्य के दृष्टिगत औषधियों की गुणवत्ता और विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए औषधि निरीक्षक पूजा जोशी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस कार्रवाई के तहत रानीखेत और मछखाली क्षेत्र में स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और संबंधित नियमों के अनुपालन की पुष्टि करना था।

निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी पाए जाने पर मछखाली स्थित एक मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। इसके अतिरिक्त, अन्य मेडिकल प्रतिष्ठानों में मिली अनियमितताओं के संबंध में प्रबंधकों को सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। औषधि विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के औषधि विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति रही।

औषधि निरीक्षक द्वारा रानीखेत स्थित गोविन्द सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय के औषधि भंडारण केंद्र का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन को दवाओं के सुरक्षित और नियमानुसार भंडारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसमें औषधियों को निर्धारित तापमान पर संरक्षित रखने, एक्सपायरी और निकट एक्सपायरी दवाओं को मुख्य स्टॉक से अलग रखने तथा स्टॉक रजिस्टर का नियमित संधारण करने पर विशेष जोर दिया गया।

अस्पताल परिसर में नारकोटिक और विशेष श्रेणी की औषधियों के रिकॉर्ड को नियमानुसार बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए। कार्रवाई के दौरान कुल चार दवाओं के नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण और विश्लेषण के लिए औषधि विश्लेषणशाला भेजा जाएगा। विभाग के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिले में इस प्रकार के निरीक्षण अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें