अल्मोड़ा में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विकास कार्यों की समीक्षा की, मेडिकल कॉलेज के वार्षिकोत्सव में हुए शामिल
गीता जोशी (संपादक) · 9 मई 2026 | 07:35 am

अल्मोड़ा: वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल अल्मोड़ा पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की और विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया।
सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, विभागीय प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन जानकारी साझा की। मंत्री ने वन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और वर्तमान व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
इसके पश्चात उन्होंने सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में आयोजित वार्षिकोत्सव ‘नेबुला-2026’ में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर मंत्री द्वारा संस्थान की वार्षिक पत्रिका ‘मोनाल’ का विमोचन भी किया गया। उन्होंने शैक्षणिक सत्र की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास अनिवार्य हैं। उन्होंने रेखांकित किया कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों पर समाज की बड़ी जिम्मेदारी होती है, जिसे संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ निभाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग विकसित भारत के निर्माण का मुख्य आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे केवल डॉक्टर बनने तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और एक जागरूक नागरिक के रूप में देश निर्माण में अपना सहयोग दें।
इस कार्यक्रम के दौरान मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सीपी भैंसोड़ा, प्रकाश भट्ट, विनीत बिष्ट, रवि रौतेला, कुंदन लटवाल, पार्षद अर्जुन बिष्ट और मनोज सनवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अधिकारी और संस्थान के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

मानसून की तैयारियों को लेकर अल्मोड़ा में जिलास्तरीय बैठक, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
20 जुलाई 2026 | 05:47 pm

अल्मोड़ा में 12 दिवसीय धूप-अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित
18 जुलाई 2026 | 03:26 pm

अल्मोड़ा: सोमेश्वर पुलिस ने 96 पाउच अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
18 जुलाई 2026 | 12:29 pm

हरेला पर्व पर गरुड़ाबाज में राज्य स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम, जागेश्वर क्षेत्र के लिए आठ घोषणाएं
16 जुलाई 2026 | 08:13 pm