अल्मोड़ा

अल्मोड़ा में राहुल गांधी के भ्रमण के मद्देनजर यातायात और रूट डायवर्जन प्लान जारी

गीता जोशी (संपादक) · 3 जून 2026 | 04:49 pm

अल्मोड़ा में राहुल गांधी के भ्रमण के मद्देनजर यातायात और रूट डायवर्जन प्लान जारी
विज्ञापन (Top) · Ad Space

अल्मोड़ा: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 जून 2026 को प्रस्तावित अल्मोड़ा भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने नगर की यातायात व्यवस्था और रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। जनसभा कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नगर में यातायात व्यवस्था को दो मुख्य रूटों में विभाजित किया गया है।

रानीखेत, द्वाराहाट, सल्ट, सोमेश्वर, बागेश्वर, दन्या, जागेश्वर और बेतालघाट की ओर से जनसभा में शामिल होने आने वाले वाहनों के लिए रूट संख्या-1 निर्धारित किया गया है। इस मार्ग पर जलाल बैंड और सिंचाई विभाग कार्यालय के पास स्टॉपर लगाया गया है। पिथौरागढ़, दन्या और जागेश्वर की ओर से आने वाले छोटे और बड़े वाहन बलडोटी बैंड, शैल बैंड, लक्ष्मेश्वर तिराहा और पांडे खोला होते हुए जलाल बैंड तक पहुंचेंगे। बागेश्वर से आने वाले वाहनों को शैल बैंड और लक्ष्मेश्वर तिराहा से पांडेखोला होते हुए जलाल बैंड की दिशा में भेजा जाएगा। इसी प्रकार कोसी की तरफ से आने वाले वाहन पांडेखोला से जलाल बैंड की ओर आएंगे।

रूट संख्या-1 के अंतर्गत आने वाले वाहनों के लिए रोडवेज स्टेशन, जलाल बैंड से पांडेखोला तक सड़क किनारे और पांडेखोला से कोसी रोड तक सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चम्पावत, रुद्रपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, खैरना और रामगढ़ से आने वाले वाहनों के लिए रूट संख्या-2 तय किया गया है। इन वाहनों के लिए तिनार धार बैंड और करबला तिराहा/आरसीएम मॉल के पास स्टॉपर बनाया गया है। चम्पावत और लमगड़ा की ओर से आने वाले वाहन सिकुड़ा बैंड से करबला तिराहा होते हुए डोलीडाना तक पहुंचेंगे। हल्द्वानी और नैनीताल की ओर से आने वाले वाहनों को बेस तिराहा से तिनार धार बैंड की ओर भेजा जाएगा।

रूट संख्या-2 के लिए पार्किंग व्यवस्था तिनार धार बैंड से बेस तिराहा तक, तिनार धार बैंड से होली एंजिल रोड तक, बेस तिराहा से लोधिया रोड तक और करबला तिराहा से ब्राइट एंड कॉर्नर तक सड़क किनारे की गई है। नियमित यात्रियों और पर्यटकों के लिए भी व्यापक डायवर्जन लागू किया गया है। कोसी से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को पांडेखोला से डायवर्ट कर लक्ष्मेश्वर, शैल बैंड, एनटीडी और धारानौला होते हुए लोधिया की तरफ भेजा जाएगा। कौसानी और सोमेश्वर से हल्द्वानी जाने वाले वाहन सोमेश्वर से डायवर्ट होकर रानीखेत और खैरना के रास्ते जा सकेंगे।

जागेश्वर धाम और दन्या से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को सुवाखान से लमगड़ा की ओर डायवर्ट किया गया है। हल्द्वानी से अल्मोड़ा, कोसी और बागेश्वर की ओर आने वाले सभी वाहनों को करबला तिराहा से डायवर्ट कर चौघानपाटा, माल रोड और लक्ष्मेश्वर होते हुए पांडेखोला की तरफ भेजा जाएगा। अपर माल रोड में लक्ष्मेश्वर से बाजार की ओर आने वाले दोपहिया वाहनों को टैक्सी स्टैंड से डायवर्ट किया जाएगा। कार्यक्रम में जाने वाले वाहन जलाल बैंड से कॉमर्स फैकल्टी में पार्क होंगे और शेष वाहन बेस तिराह से होकर गुजरेंगे।

भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक अल्मोड़ा लोअर मालरोड में पांडेखोला तिराहा से बेस तिराहा तक अति-आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से वर्जित किया गया है। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों और डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है ताकि जनसभा के दौरान व्यवस्था बनी रहे।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें