देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने को 'ऑपरेशन प्रहार', डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश
गीता जोशी (संपादक) · 1 अप्रैल 2026 | 07:06 am

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हाल ही में घटी आपराधिक घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड द्वारा पुलिस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई। बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस बैठक में अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय करते हुए निम्नलिखित निर्देश दिए गए:
आईजी गढ़वाल को देहरादून में कानून-व्यवस्था की दैनिक निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी देहरादून को अपने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट कार्य सौंपकर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश मिला है। इसके साथ ही, उन्हें अपने क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने को भी कहा गया है।
क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी को स्वयं फील्ड में सक्रिय रहकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने तथा बैरियर पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। विशेष तौर पर, क्षेत्राधिकारी प्रातःकालीन समय में पुलिस बल की उपस्थिति और सक्रियता बढ़ाएं।
आईजी एसटीएफ और एसएसपी एसटीएफ को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सत्यापन अभियान के तहत पीजी और किरायेदारों का गहन सत्यापन कराने तथा होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि राजधानी देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाकर सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
संबंधित ख़बरें

देहरादून-मसूरी मार्ग बंद: पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त, जनसुरक्षा सर्वोपरि
20 जुलाई 2026 | 08:11 pm

देहरादून में सफाई कर्मचारियों के लिए जन-जागरूकता शिविर आयोजित, 250 लाभार्थियों ने लिया लाभ
15 जुलाई 2026 | 04:04 pm

उत्तराखंड में महिला उद्यमियों के लिए ‘भुली’ कार्यक्रम शुरू, 150 उद्यमियों का होगा चयन
14 जुलाई 2026 | 08:04 pm

देहरादून समाधान दिवस में 176 शिकायतें दर्ज, भूमि विवाद और उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई के निर्देश
13 जुलाई 2026 | 04:08 pm