शहरफाटक में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष ने सुनीं जनसमस्याएं
गीता जोशी (संपादक) · 8 जुलाई 2026 | 03:09 pm

अल्मोड़ा: सेवा पखवाड़ा के तहत बुधवार को विकासखंड लमगड़ा के प्राथमिक विद्यालय शहरफाटक परिसर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर का आयोजन “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां लगभग 1300 लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया। आधार कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत एवं पेयजल बिल, पेंशन सहित अन्य सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर भी लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं से लाभान्वित किया गया। बाल विकास विभाग ने पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। डेयरी विकास विभाग ने गंगा गाय योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का पशु क्रय अनुदान चेक प्रदान किया और चार दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट वितरित की।
पशुपालन विभाग ने ब्रॉयलर फार्म योजना के तहत एक लाभार्थी को 15 हजार रुपये और बकरी पालन योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 51 हजार रुपये का अनुदान चेक प्रदान किया। इसके अतिरिक्त आठ पशुपालकों को पशु औषधि किट वितरित की गई।
19 शिकायतें पंजीकृत हुईं
शिविर के दौरान कुल 19 शिकायतें पंजीकृत हुईं। इनमें से अधिकतर शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को सक्षम स्तर पर भेजने की कार्यवाही की गई। विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी रोहित वर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

मानसून की तैयारियों को लेकर अल्मोड़ा में जिलास्तरीय बैठक, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
20 जुलाई 2026 | 05:47 pm

अल्मोड़ा में 12 दिवसीय धूप-अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित
18 जुलाई 2026 | 03:26 pm

अल्मोड़ा: सोमेश्वर पुलिस ने 96 पाउच अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
18 जुलाई 2026 | 12:29 pm

हरेला पर्व पर गरुड़ाबाज में राज्य स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम, जागेश्वर क्षेत्र के लिए आठ घोषणाएं
16 जुलाई 2026 | 08:13 pm