अल्मोड़ा: राजकीय संग्रहालय में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
गीता जोशी (संपादक) · 18 मई 2026 | 04:27 pm

अल्मोड़ा: संस्कृति विभाग के अंतर्गत राजकीय संग्रहालय के सभागार में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य इतिहास, संस्कृति और कला के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को प्राचीन विरासत से जोड़ना था।
कार्यक्रम के दौरान भातखंडे संगीत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शास्त्रीय संगीत और कथक की प्रस्तुतियां दीं। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को भारतीय परंपराओं के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।
एसएसजे विश्वविद्यालय के संग्रहालय प्रभारी डॉ. चंद्र प्रकाश फूलोरिया ने ऐतिहासिक धरोहरों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संग्रहालय केवल पुरानी वस्तुओं को सुरक्षित रखने का स्थान नहीं हैं, बल्कि ये आने वाली पीढ़ियों को अपनी सभ्यता और इतिहास से परिचित कराने के महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। उन्होंने सामाजिक स्तर पर अपनी विरासत के संरक्षण के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि ऐतिहासिक धरोहरों को भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सके।
राजकीय संग्रहालय के प्रभारी निदेशक डॉ. चंद्र सिंह चौहान ने कार्यक्रम में कहा कि संग्रहालयों में सुरक्षित सदियों पुरानी वस्तुएं प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन और इतिहास को समझने में सहायक होती हैं। उन्होंने बताया कि संग्रहालय समाज को अपने अतीत से जोड़ने का कार्य करते हैं और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को करीब से जानने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर शिवराज सिंह, अखिलेश कुमार मौर्या, जन्मेजय तिवारी और रवि बिष्ट सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी प्रतिभाग किया।
संबंधित ख़बरें

मानसून की तैयारियों को लेकर अल्मोड़ा में जिलास्तरीय बैठक, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
20 जुलाई 2026 | 05:47 pm

अल्मोड़ा में 12 दिवसीय धूप-अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित
18 जुलाई 2026 | 03:26 pm

अल्मोड़ा: सोमेश्वर पुलिस ने 96 पाउच अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
18 जुलाई 2026 | 12:29 pm

हरेला पर्व पर गरुड़ाबाज में राज्य स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम, जागेश्वर क्षेत्र के लिए आठ घोषणाएं
16 जुलाई 2026 | 08:13 pm