अल्मोड़ा: नशे से परेशान वृद्ध माता-पिता की सूचना पर पुलिस ने की कार्यवाही, युवक को भेजा नशा मुक्ति केंद्र
गीता जोशी (संपादक) · 8 जून 2026 | 04:29 pm

अल्मोड़ा: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास हेतु काउंसलिंग और उपचार की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
डायल-112 के माध्यम से कोतवाली द्वाराहाट क्षेत्र के बग्वालीपोखर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उनका पुत्र नशे का आदी हो चुका है। पीड़ित पिता के अनुसार उनका पुत्र आए दिन घर में विवाद और मारपीट करता था, जिससे परिवार के वृद्ध सदस्य अत्यंत परेशान और असहाय स्थिति में थे। सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 34 वर्षीय युवक और उसके परिजनों से बातचीत की। इस दौरान युवक की काउंसलिंग की गई और उसे नशे के शारीरिक व मानसिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने युवक को सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया। परिजनों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए युवक को उपचार के लिए बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया है।
अल्मोड़ा पुलिस के अनुसार उनका उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए कठोर कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि नशे की लत में फंसे व्यक्तियों को उपचार और पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में वापस लाना भी है। पुलिस द्वारा की गई इस मानवीय पहल के बाद परिजनों ने सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
जनपद में नशे के विरुद्ध अल्मोड़ा पुलिस का अभियान निरंतर जारी है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही नशे से पीड़ित व्यक्तियों की काउंसलिंग और उनके बेहतर उपचार हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
संबंधित ख़बरें

मानसून की तैयारियों को लेकर अल्मोड़ा में जिलास्तरीय बैठक, जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
20 जुलाई 2026 | 05:47 pm

अल्मोड़ा में 12 दिवसीय धूप-अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित
18 जुलाई 2026 | 03:26 pm

अल्मोड़ा: सोमेश्वर पुलिस ने 96 पाउच अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
18 जुलाई 2026 | 12:29 pm

हरेला पर्व पर गरुड़ाबाज में राज्य स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम, जागेश्वर क्षेत्र के लिए आठ घोषणाएं
16 जुलाई 2026 | 08:13 pm