जनता दर्शन बना पीड़ितों की उम्मीद, समयबद्ध कार्रवाई से बढ़ा जन विश्वास
विमल (संपादक) · 20 जनवरी 2026 | 10:12 pm

देहरादून – मुख्यमंत्री के जनसेवा संकल्प से प्रेरित जिला प्रशासन देहरादून द्वारा आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच बनता जा रहा है। सुनवाई से लेकर समयबद्ध निस्तारण तक की पारदर्शी प्रक्रिया ने जनता के बीच शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों से आए नागरिकों की कुल 158 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण की जानकारी शिकायतकर्ताओं को लिखित रूप में उपलब्ध कराई जाए।
दुर्घटना पीड़ित परिवार को राहत की उम्मीद
शिव एन्क्लेव, मेहूवाला निवासी नेहा ने जनता दर्शन में बताया कि उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक, राजपुर रोड शाखा से ₹5 लाख का ऋण लिया था। वर्ष 2023 में उनके पति सूर्य प्रकाश को करंट लगने की गंभीर दुर्घटना में दोनों पैर कटने पड़े, जबकि हाथों में भी आंशिक क्षति हुई। इस हादसे के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है और ऋण की मासिक किस्त चुका पाना असंभव हो गया है। जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी (शस्त्र) को बैंक से समन्वय कर शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग और दिव्यांगों को राइफल क्लब फंड से सहायता
मन्नूगंज निवासी बुजुर्ग विधवा मीना आनंद ने आर्थिक तंगी की समस्या रखी, जबकि चंद्रशेखर आज़ाद कॉलोनी निवासी वीरेंद्र धीमान ने पैरालिसिस अटैक के कारण आजीविका चलाने में असमर्थता बताई। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए राइफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता दिलाने हेतु आवश्यक पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कैंसर पीड़ित परिवारों की बेटियों की शिक्षा सुरक्षित
खेरी रोड, छदमीवाला निवासी कैंसर पीड़ित विधवा सुमन ने अपनी छोटी पुत्री कनिका की विद्यालय फीस माफी का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने नंदा-सुनंदा योजना के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ओगल भट्टा निवासी मोनिका ने अपनी बेटियों नंदिता एवं नंदिनी की शिक्षा को लेकर सहायता की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित समिति को प्रकरण प्रस्तुत कर योजना के तहत लाभ दिलाने के निर्देश दिए, जिससे बच्चियों की शिक्षा बाधित न हो।
सड़क, खेती और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर सख्ती
चकतूनवाला क्षेत्र के कृषकों ने शिकायत की कि एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा सरकारी बजट से निर्मित रास्ता, जिसमें सीवर लाइन भी डली है, को बंद कर दिया गया है। इससे किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून को तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटना पीड़ित को हिट एंड रन योजना का लाभ
डालनवाला निवासी सीमा गुप्ता ने बताया कि फरवरी 2024 में सड़क दुर्घटना में उन्हें गंभीर फ्रैक्चर हुआ था और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने हिट एंड रन योजना के अंतर्गत सहायता हेतु आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आरटीई के उल्लंघन पर निजी स्कूल प्रबंधन तलब
सहस्त्रधारा निवासी विधवा भारती बडोला ने शिकायत की कि उनकी दिव्यांग पुत्री को सरकारी मान्यता प्राप्त शालिनी पब्लिक स्कूल द्वारा शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल प्रवेश सुनिश्चित कराने तथा स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन: त्वरित समाधान का प्रभावी मंच
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी सविन बंसल ने दोहराया कि जनता दर्शन आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कृष्ण कुमार मिश्रा, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

देहरादून-मसूरी मार्ग बंद: पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त, जनसुरक्षा सर्वोपरि
20 जुलाई 2026 | 08:11 pm

देहरादून में सफाई कर्मचारियों के लिए जन-जागरूकता शिविर आयोजित, 250 लाभार्थियों ने लिया लाभ
15 जुलाई 2026 | 04:04 pm

उत्तराखंड में महिला उद्यमियों के लिए ‘भुली’ कार्यक्रम शुरू, 150 उद्यमियों का होगा चयन
14 जुलाई 2026 | 08:04 pm

देहरादून समाधान दिवस में 176 शिकायतें दर्ज, भूमि विवाद और उत्पीड़न के मामलों में कार्रवाई के निर्देश
13 जुलाई 2026 | 04:08 pm