देहरादून

देहरादून में कैंसर पीड़ित परिवार का 71 हजार का कर्ज माफ, प्रशासन ने दी आर्थिक सहायता

गीता जोशी (संपादक) · 16 मई 2026 | 02:52 pm

देहरादून में कैंसर पीड़ित परिवार का 71 हजार का कर्ज माफ, प्रशासन ने दी आर्थिक सहायता
विज्ञापन (Top) · Ad Space

देहरादून: जिला प्रशासन ने रायपुर क्षेत्र के एक कैंसर पीड़ित परिवार को बड़ी राहत प्रदान करते हुए उनके बैंक ऋण का भुगतान किया है और अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न जिला स्तरीय प्रोजेक्ट, सीएसआर फंड और रायफल क्लब मद के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है।

प्रशासन की इस कार्रवाई के तहत रायपुर विकासखण्ड के ग्राम द्वारा मालदेवता निवासी एक महिला ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखी थी। महिला ने अवगत कराया कि उनके पति गले के कैंसर से ग्रस्त हैं और हिमालय अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। बीमारी के कारण पति कार्य करने में असमर्थ हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। परिवार में दो छोटे बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी महिला पर है।

जानकारी के अनुसार, महिला ने वर्ष 2024 और 2025 में स्वयं सहायता समूह के संचालन और स्वरोजगार हेतु बैंक से ऋण लिया था। पति की गंभीर बीमारी और उपचार के खर्चों के कारण वह ऋण की किश्तें जमा नहीं कर पाईं। इस कारण बैंक द्वारा लगभग 71 हजार रुपये की वसूली का नोटिस जारी किया गया था, जिससे परिवार मानसिक तनाव का सामना कर रहा था। महिला ने जिलाधिकारी से इस ऋण को माफ करने और आर्थिक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई थी।

मामले की गंभीरता और मानवीय दृष्टिकोण को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिला प्रशासन के सीएसआर फंड से 71 हजार रुपये की धनराशि सीधे बैंक के ऋण खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित बैंक को ऋणमुक्ति का प्रमाण पत्र जारी करने के आदेश भी दिए गए हैं। परिवार की तात्कालिक जरूरतों को देखते हुए रायफल क्लब मद से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी महिला के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से भेजी गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो पात्र परिवार किसी कारणवश सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं या आकस्मिक संकट का सामना कर रहे हैं, उन्हें जिला प्रशासन हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों, निराश्रितों और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को विभिन्न संसाधनों के माध्यम से मदद पहुँचाई जा रही है।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें