देवभूमि उत्तराखंड

चम्पावत जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापना अंतिम चरण में, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

गीता जोशी (संपादक) · 3 अप्रैल 2026 | 08:22 pm

चम्पावत जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापना अंतिम चरण में, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
विज्ञापन (Top) · Ad Space

चम्पावत: चम्पावत में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला अस्पताल में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन की स्थापना का कार्य अंतिम चरण में है। यह मशीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर स्थापित की जा रही है, जो जनपद की चिकित्सा सुविधाओं में महत्वपूर्ण वृद्धि करेगी।

इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला अस्पताल परिसर स्थित निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एमआरआई मशीन की स्थापना से संबंधित कार्यों की प्रगति का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रिटिकल केयर यूनिट के विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का विस्तृत अवलोकन किया। इनमें एमआरआई कक्ष, आइसोलेशन वार्ड, आईसीयू ब्लॉक, अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर और एक्स-रे कक्ष शामिल हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए।

क्रिटिकल केयर यूनिट में आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा सीएसआर मद के अंतर्गत एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है। यह यूनिट जनपद को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस इकाई के तहत 4 आइसोलेशन वार्ड, 2 आईसीयू वार्ड, 2 अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, एमआरआई कक्ष, एक्स-रे कक्ष सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत, जनपद चम्पावत में गंभीर और आपातकालीन रोगियों को जिला स्तर पर ही उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध हो सकेगा। इससे बाहरी जनपदों में मरीजों को रेफर करने की आवश्यकता में कमी आएगी और स्थानीय निवासियों को त्वरित तथा सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें