मानसून की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
गीता जोशी (संपादक) · 15 मई 2026 | 05:20 pm

बागेश्वर: आगामी मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदा की परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा मानसून से पूर्व की जा रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां राहत एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क मार्गों को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे करने को कहा। सड़क निर्माण से जुड़ी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि वे भूस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करें और संवेदनशील मार्गों पर पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें तैनात करने की तैयारी करें। इसके साथ ही जेसीबी ऑपरेटरों की संपर्क सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक के दौरान नगर निकायों और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे सड़कों के किनारे और नालियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाएं ताकि जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रहे। विद्युत विभाग को आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। स्वास्थ्य विभाग को मानसून के दौरान संभावित प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं के लिए मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) तैयार करने, आवश्यक औषधियों का पर्याप्त भंडारण करने और चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि वे संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग और जिला कार्यक्रम अधिकारी को संवेदनशील विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर उनके सुरक्षा संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी पुलों और पुलियों की स्थिति की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने आईआरएस टीमों को सक्रिय रखने, तहसीलों में कंट्रोल रूम, सैटेलाइट फोन और वायरलेस सिस्टम को चालू रखने तथा संचार विहीन गांवों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी और अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

भारत की रेल क्रांति: पटरी पर दौड़ी पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन, जींद-सोनीपत के बीच हरित परिवहन का नया अध्याय
17 जुलाई 2026 | 12:44 pm

पद्म विभूषण तीजन बाई का निधन: पंडवानी की अमर आवाज़ हुई खामोश, भारतीय लोककला जगत ने खोया अनमोल रत्न
6 जुलाई 2026 | 12:10 pm

पश्चिम बंगाल: सुवेंदु अधिकारी कैबिनेट का पहला विस्तार कल 35 नए चेहरे लेंगे शपथ
31 मई 2026 | 08:35 pm

नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में बदला स्कूलों का समय, भीषण गर्मी के चलते लिया गया निर्णय
21 मई 2026 | 08:23 pm