एलपीजी आपूर्ति सामान्य, घबराहट में बुकिंग न करें: इंडियन ऑयल
गीता जोशी (संपादक) · 13 मार्च 2026 | 11:55 am

बागेश्वर: इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने एलपीजी वितरण से संबंधित एसडीएमएस (SDMS) प्रणाली में हाल ही में आए अस्थायी तकनीकी व्यवधानों के संबंध में जानकारी दी है। इन तकनीकी कारणों से कुछ स्थानों पर गैस बुकिंग और डीएसी (Delivery Authentication Code) जनरेशन की प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। परिणामस्वरूप, रिफिल की डिलीवरी में कुछ देरी हुई, जिससे उपभोक्ताओं के बीच गैस की कमी को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
कंपनी ने यह स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इंडियन ऑयल ने बताया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर, उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी रिफिल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, डीएसी (OTP) की अनिवार्यता में अस्थायी रूप से छूट प्रदान की गई है। इस कदम का उद्देश्य वितरण प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखना है।
जारी निर्देशों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग पहले से दर्ज है, उन्हें निर्धारित समय सारणी के अनुसार रिफिल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। यह भी स्पष्ट किया गया है कि बिना वैध बुकिंग के गैस का वितरण नहीं किया जाएगा, और वितरण प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही संचालित की जाएगी।
यदि किसी स्थिति में उपभोक्ताओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं हो पा रही है, तो गैस एजेंसियों को मैनुअल बुकिंग दर्ज करने की अनुमति दी गई है। एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि सिस्टम के पुनः सुचारु होने पर इन मैनुअल बुकिंग को एसडीएमएस प्रणाली में प्रविष्ट किया जाए। वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एजेंसियों को बुकिंग रजिस्टर में उपभोक्ता का नाम, ग्राहक संख्या, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर सहित सभी आवश्यक विवरण दर्ज करने को कहा गया है।
उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी गई है कि वे निर्धारित 25 दिनों की अवधि पूर्ण होने से पहले गैस बुकिंग का प्रयास न करें। अनावश्यक या बार-बार बुकिंग करने से प्रणाली पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
इंडियन ऑयल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में गैस बुकिंग (पैनिक बुकिंग) करने से बचें। कंपनी ने आश्वस्त किया है कि एलपीजी आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित की जा रही है, तथा सभी उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जनपद बागेश्वर के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे संयम बनाए रखें और गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है, कंपनी ने यह बात दोहराई।
संबंधित ख़बरें

बागेश्वर में जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य की चाकू से हमले में मौत, पुलिस जांच में जुटी
18 जुलाई 2026 | 11:33 am

बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी के चलते 2 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे
2 जुलाई 2026 | 06:33 am

बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी, 1 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
30 जून 2026 | 08:57 pm

दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को मिले जीवनोपयोगी सहायक उपकरण
24 जून 2026 | 04:15 pm