देवभूमि उत्तराखंड

चम्पावत में गुलदार के हमले में घायल बालिका का उपचार जारी, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता

गीता जोशी (संपादक) · 15 अप्रैल 2026 | 09:47 pm

चम्पावत में गुलदार के हमले में घायल बालिका का उपचार जारी, प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
विज्ञापन (Top) · Ad Space

चम्पावत: जनपद के बाराकोट ब्लॉक अंतर्गत मऊ (चौमेल) क्षेत्र में गुलदार के हमले की एक घटना सामने आई है। इस हमले में एक बालिका घायल हो गई, जिसे प्रशासन की सक्रियता के चलते समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया गया।

चिकित्सकों की टीम ने अस्पताल में घायल बालिका का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने बताया कि वर्तमान में घायल की स्थिति खतरे से बाहर है। लोहाघाट में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने हेतु घायल को जिला चिकित्सालय चम्पावत के लिए रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना प्राप्त होने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचे और वहां भर्ती घायल बालिका के स्वास्थ्य की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों को निर्देश दिए कि उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बालिका के परिजनों से भी भेंट की और उन्हें प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

क्षेत्र में सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरा लगाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने वन विभाग को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क करने हेतु जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें