राष्ट्रपति के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा
गीता जोशी (संपादक) · 3 जून 2026 | 08:25 pm

देहरादून: राष्ट्रपति के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून 2026 को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। इसके अगले दिन 13 जून को वह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगी और इसके पश्चात दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन से लेकर उनके प्रस्थान तक की सभी व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित और चाक-चौबंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन में सुरक्षा और प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति निकेतन में विद्युत आपूर्ति, पेयजल उपलब्धता, संचार नेटवर्क और अन्य आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं को कंटीजेंसी प्लान के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समय रहते प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण कर लें। इससे कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य असुविधा की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित भ्रमण मार्ग पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने और यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भ्रमण स्थलों पर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर चूक या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने को कहा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी और प्रोटोकॉल से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं।
संबंधित ख़बरें

पांवटा साहिब सीमा पर शांति व्यवस्था: प्रशासन और निहंग समुदाय के बीच सकारात्मक वार्ता जारी
27 जून 2026 | 09:27 am

उत्तराखंड में 29 जून को दस्तक देगा मानसून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी
25 जून 2026 | 10:59 pm

बागेश्वर की बेटी प्रेमा रावत ने किया भारतीय टीम के लिए डेब्यू, उत्तराखंड में खुशी की लहर
22 जून 2026 | 11:52 am

हरिद्वार नगर निगम भूमि खरीद प्रकरण में बड़ा एक्शन, पूर्व नगर आयुक्त पर बर्खास्तगी की संस्तुति
19 जून 2026 | 07:35 pm