देवभूमि उत्तराखंड

चम्पावत: किसानों के लिए सोलर लिफ्ट और ₹5 करोड़ की घेरबाड़ योजनाओं की घोषणा

गीता जोशी (संपादक) · 31 मार्च 2026 | 09:49 pm

चम्पावत: किसानों के लिए सोलर लिफ्ट और ₹5 करोड़ की घेरबाड़ योजनाओं की घोषणा
विज्ञापन (Top) · Ad Space

चम्पावत: चम्पावत के गांधी चौक में आयोजित मुख्य सेवक संवाद एवं राष्ट्रीय ध्वज अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद के कृषकों के सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि जनपद में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और फसल उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल और सिंचाई योजनाएं स्थापित की जाएंगी। इन योजनाओं का लक्ष्य दूरस्थ तथा ऊंचाई वाले कृषि क्षेत्रों तक सिंचाई का जल पहुंचाना है, जिससे वर्ष भर खेती करना संभव हो सकेगा और किसानों की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने जंगली जानवरों द्वारा फसलों को पहुंचाए जाने वाले नुकसान को रोकने के उद्देश्य से एक नई पहल की घोषणा की। चम्पावत जनपद में किसानों की आय को सुरक्षित करने के लिए ₹5 करोड़ की लागत से ग्राम स्तरीय ‘सामूहिक घेरबाड़ योजना’ लागू की जाएगी। इस योजना के तहत चयनित गांवों में कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए मजबूत सामूहिक घेरबाड़ की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन दोनों योजनाओं के क्रियान्वयन से किसानों को विभिन्न स्तरों पर लाभ प्राप्त होगा। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के कारण खेती का क्षेत्रफल बढ़ेगा और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, घेरबाड़ व्यवस्था जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, जिससे होने वाले नुकसान में कमी आएगी। इस प्रकार, इन पहलों से किसानों की आय में स्थिरता और वृद्धि दोनों सुनिश्चित की जा सकेंगी।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें