देवभूमि उत्तराखंड

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग ने की सफाई कर्मियों की समस्याओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गीता जोशी (संपादक) · 18 मई 2026 | 04:28 pm

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग ने की सफाई कर्मियों की समस्याओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
विज्ञापन (Top) · Ad Space

नैनीताल: राज्य सफाई कर्मचारी आयोग उत्तराखंड के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने राज्य अतिथि गृह में जनपद के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक के दौरान नगर निगम हल्द्वानी सहित जिले के समस्त नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यरत पर्यावरण मित्रों और सफाई कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कर्मचारियों की सेवा संबंधी और व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए गए कि सभी नगर निकाय बोर्डों द्वारा सफाई कर्मियों के रिक्त पदों को बढ़ाने और उनके मानदेय में वृद्धि करने से संबंधित प्रस्ताव पारित कर शासन को प्रेषित किए जाएं। उपाध्यक्ष ने कहा कि जिन सफाई कर्मियों की सेवा अवधि 10 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उन्हें उत्तराखंड कार्मिक नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप नियमित करने की कार्यवाही अमल में लाई जाए। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठता के आधार पर कार्मिकों की सूची तैयार कर उनके हितों में निर्णय लेने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान सभी नगर निकाय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली वाल्मीकि बस्तियों में विकास कार्य संचालित करने और वहां सामुदायिक भवनों का निर्माण कराने की बात कही गई। सफाई कार्मिकों की कार्यकुशलता और सुरक्षा के दृष्टिगत उन्हें समय पर वर्दी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के आयोजन और सभी कर्मचारियों के आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड बनाने के लिए नगर निकायों द्वारा विशेष कैंप आयोजित करने पर जोर दिया गया।

मृतक आश्रित नियुक्ति के प्रकरणों में संवेदनशीलता बरतने और पात्र कर्मचारियों को एसीपी का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश देते हुए उपाध्यक्ष ने आवास संबंधी समस्याओं के निस्तारण को प्राथमिकता दी। नैनीताल नगर पालिका क्षेत्र में पुराने आवासों के किराए से जुड़ी समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने अपर जिलाधिकारी को 15 दिन के भीतर विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना किसी ठोस कारण के किसी भी सफाई कर्मी को सेवा से पृथक न किया जाए और शिक्षित कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने में संवेदनशीलता का परिचय दिया जाए।

बैठक में यह भी कहा गया कि सफाई कर्मियों और उनके परिजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इस दौरान विधायक नैनीताल सरिता आर्य, दिनेश आर्य, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित नगर निगम हल्द्वानी एवं अन्य नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें