चंपावत

चंपावत में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट महिला अधिकारियों, कर्मचारियों का सम्मान

गीता जोशी (संपादक) · 8 मार्च 2026 | 03:37 pm

IMG 20260308 WA0006
विज्ञापन (Top) · Ad Space

चम्पावत: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर चम्पावत में ‘महिला शक्ति: आत्मनिर्भर और सक्षम चम्पावत का आधार’ विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। यह विशेष सम्मान समारोह रविवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित हुआ, जिसकी वैश्विक थीम ‘अधिकार, न्याय एवं कार्यवाही’ थी और संकल्प ‘महिला शक्ति: आत्मनिर्भर और सक्षम चम्पावत का आधार’ रहा। जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाओं से विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शाल तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सरकारी तंत्र की मजबूती में महिलाओं के अतुलनीय योगदान पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण मात्र एक नारा नहीं, बल्कि समाज की सर्वांगीण प्रगति का प्रमुख आधार है। उन्होंने सम्मानित की गई महिलाओं के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में उनके द्वारा किए गए कार्य अन्य महिलाओं और युवाओं को समाज सेवा तथा अपने कर्तव्यों के प्रति नई प्रेरणा प्रदान करेंगे। जिलाधिकारी ने कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा नगर पालिका अध्यक्षा प्रेमा पांडेय और ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोरा को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्षा प्रेमा पांडेय और ब्लॉक प्रमुख अंचला बोरा ने अपने विचार साझा करते हुए महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद की प्रत्येक महिला की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता और जिम्मेदारी है। पुलिस अधीक्षक ने सभी को महिला कानूनी अधिकारों के विषय में जागरूक किया और विश्वास दिलाया कि जनपद में महिलाएं पूर्णतः सुरक्षित हैं। उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर और वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल ने भी इस अवसर पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

सम्मानित की जाने वाली प्रमुख हस्तियों में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उप जिलाधिकारी नीतू डांगर, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, खंड विकास अधिकारी पाटी मोनिका पाल, जिला खनन अधिकारी चित्रा जोशी और जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट शामिल थीं। इनके अतिरिक्त, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, विकास, पुलिस, पीआरडी, होमगार्ड, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों सहित जनपद के महिला समूहों की ऐसी महिला कार्मिकों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया, जिन्होंने जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर पुष्पा चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सब रजिस्ट्रार अंजली पांडे, परियोजना अधिकारी उरेडा चांदनी बंसल, महिला चिकित्सक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला कार्मिक और जिले के विभिन्न महिला समूह की सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें