चंपावत

चंपावत में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए रन फॉर योगा दौड़ का हुआ आयोजन

गीता जोशी (संपादक) · 17 जून 2026 | 08:29 am

चंपावत में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए रन फॉर योगा दौड़ का हुआ आयोजन
विज्ञापन (Top) · Ad Space

चंपावत: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व आयोजन के रूप में जनपद में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग उत्तराखण्ड तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रन फॉर योगा जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया।

यह जागरूकता दौड़ जिलाधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित की गई थी। दौड़ सुबह पुलिस लाइन चंपावत से शुरू हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए गोरल चौड़ मैदान तक पहुंची। इस दौड़ में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

आयोजन के दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे की प्रवृत्तियों से दूर रहें और अपने जीवन में योग तथा स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं। उन्होंने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने का भी एक सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने इस जागरूकता दौड़ को नशा मुक्त समाज के अभियान के साथ जोड़ा। उन्होंने बच्चों और युवाओं को संबोधित करते हुए दैनिक जीवन में नियमित रूप से योग अपनाने और एक स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने पर बल दिया।

विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया और योग को दैनिक दिनचर्या का एक अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और सकारात्मक समाज के निर्माण के लिए नई पीढ़ी को योग के प्रति प्रेरित करना आवश्यक है।

जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित दौड़ प्रतियोगिता के बालक वर्ग में प्रथम स्थान शंकर ने, द्वितीय स्थान हरीश ने और तृतीय स्थान राजीव ने प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग की दौड़ में पूजा भण्डारी प्रथम स्थान पर, मोनिका बिष्ट द्वितीय स्थान पर और सोनी बोहरा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के विजेताओं को अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस अवसर पर सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी आनंद सिंह गुसाईं, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सिंह सामंत, जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट और मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोगों को आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील भी की गई।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें