चम्पावत में उदीयमान खिलाड़ियों के ट्रायल की तैयारियां तेज, न्याय पंचायत से जिला स्तर तक मेरिट से होगा चयन
गीता जोशी (संपादक) · 9 जुलाई 2026 | 04:41 pm

चम्पावत: मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चम्पावत जनपद में खिलाड़ियों के चयन ट्रायल की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित हुई। अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ट्रायल स्थलों पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, पेयजल, भोजन और शौचालय जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
योजना के तहत 8 से 14 वर्ष तक के उदीयमान खिलाड़ियों को प्रति माह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं 14 से 23 वर्ष तक के उदयीमान खिलाड़ियों को प्रति माह 2000 रुपये की छात्रवृत्ति और खेल किट के लिए 10000 रुपये की एकमुश्त धनराशि दी जानी है।
मेरिट के आधार पर होगा खिलाड़ियों का चयन
जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन बिष्ट ने बैठक में चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत जनपद से 150 बालकों और 150 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। प्रोत्साहन कार्यक्रम के लिए 100 बालकों और 100 बालिकाओं का चयन न्याय पंचायत, नगर पंचायत, विकासखंड, नगरपालिका और जिला स्तर पर आयोजित बैट्री टेस्टों तथा खेल कौशल परीक्षण के आधार पर मेरिट से होगा।
चयन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक विद्यालय अपने स्तर से प्रत्येक आयु वर्ग में दो बालक और दो बालिकाओं का चयन कर न्याय पंचायत स्तर के ट्रायल के लिए भेजेगा। न्याय पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर चयनित प्रतिभागी विकासखंड स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। वहां से प्रत्येक आयु वर्ग में 10-10 बालक और बालिकाएं जिला स्तरीय ट्रायल के लिए चुनी जाएंगी। नगरपालिका स्तर से प्रत्येक आयु वर्ग में 5-5 खिलाड़ियों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा।
जिला स्तर पर 660 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
जिला क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार जिला स्तर पर चारों ब्लॉकों और नगरपालिकाओं से कुल 660 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें से अंतिम रूप से 300 खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए किया जाएगा। प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत प्रथम चयन ट्रायल नगरपालिका और विकासखंड स्तर पर होगा। नगरपालिका से प्रत्येक खेल में दो बालिकाओं और तीन बालकों सहित कुल पांच प्रतिभागियों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा। विकासखंड स्तर से प्रत्येक खेल में पांच बालक और पांच बालिकाओं सहित कुल 10 प्रतिभागियों को जिला स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए भेजा जाएगा।
संपूर्ण चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा विभिन्न स्तरों पर नोडल अधिकारियों और व्यायाम प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
ट्रायल स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी को ट्रायल स्थलों पर स्वास्थ्य सेवाओं और पुलिस जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बच्चों के लिए साफ पेयजल की उपलब्धता को लेकर जल संस्थान को टैंकरों की व्यवस्था करने और ताजे व पौष्टिक भोजन के लिए पूर्ति विभाग को निर्देशित किया गया।
उन्होंने सभी कार्यक्रम स्थलों पर शौचालय की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन के समय बैंक पासबुक, आधार कार्ड, स्थाई निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र अथवा हाईस्कूल की मार्कशीट की फोटोकॉपी और दो पासपोर्ट साइज फोटो जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
सरकारी खेल छात्रावासों, स्पोर्ट्स कॉलेजों या किसी अन्य सरकारी खेल छात्रवृत्ति का लाभ ले रहे खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
12 खेलों के लिए होगी चयन प्रक्रिया
खिलाड़ियों का मूल्यांकन 30 मीटर फ्लाइंग, वर्टिकल जंप, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन और 800 मीटर दौड़ जैसे मोटर क्षमता परीक्षणों के साथ खेल विशिष्ट कौशल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। कुल 30 अंकों के टेस्ट में उत्तीर्ण होने के लिए खिलाड़ियों को न्यूनतम 10 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। अधिक भीड़ होने की स्थिति में प्रारंभिक तौर पर तीन मुख्य टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।
यह चयन प्रक्रिया एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताईक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी सहित कुल 12 प्रमुख खेलों के लिए आयोजित की जा रही है। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्त कीर्ति तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसडीओ जल संस्थान पवन बिष्ट, विभिन्न खेल प्रशिक्षक, पूर्ति विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना: धननाथ गोस्वामी के 'मंगलदीप मिस्ठान भंडार' ने चंपावत में आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की
20 जुलाई 2026 | 02:02 pm

चंपावत में भारी बारिश का रेड अलर्ट: प्रशासन हाई अलर्ट पर, नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
19 जुलाई 2026 | 08:09 pm

चम्पावत में भारी बारिश के अलर्ट पर 18 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
17 जुलाई 2026 | 09:19 pm

टनकपुर में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण कार्यक्रम, 1200 फलदार और छायादार पौधे वितरित
16 जुलाई 2026 | 08:00 pm