चम्पावत में 16 जुलाई को मनाया जाएगा हरेला महोत्सव, पुनेठी में होगा मुख्य जिला स्तरीय आयोजन
गीता जोशी (संपादक) · 13 जुलाई 2026 | 04:11 pm

चम्पावत: जनपद में 16 जुलाई को मनाए जाने वाले हरेला महोत्सव की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती की अध्यक्षता में जिला सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों को तैयारियां समय से पूरी करने और पौधारोपण अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष हरेला महोत्सव का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम पुनेठी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा।
पौधारोपण की जियो-टैग तस्वीरें होंगी अनिवार्य
अभियान को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को पौधारोपण से पहले और बाद की जियो-टैग तस्वीरें लेने के निर्देश दिए गए हैं। इन तस्वीरों को वन विभाग के माध्यम से भारत सरकार के ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिससे अभियान की निगरानी की जा सके।
वन विभाग लगाएगा 60 हजार पौधे
मुख्य विकास अधिकारी के अनुसार हरेला पर्व पर अकेले वन विभाग द्वारा 60 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, जलागम, जल निगम, जल संस्थान, नगर पालिका चम्पावत, लोहाघाट, टनकपुर और बनबसा, रेशम विभाग सहित अन्य सरकारी विभाग भी पौधारोपण अभियान में भाग लेंगे।
जनपदवासियों से भागीदारी की अपील
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरेला महोत्सव के दौरान प्रत्येक नागरिक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखरेख का संकल्प ले।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना: धननाथ गोस्वामी के 'मंगलदीप मिस्ठान भंडार' ने चंपावत में आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की
20 जुलाई 2026 | 02:02 pm

चंपावत में भारी बारिश का रेड अलर्ट: प्रशासन हाई अलर्ट पर, नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
19 जुलाई 2026 | 08:09 pm

चम्पावत में भारी बारिश के अलर्ट पर 18 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
17 जुलाई 2026 | 09:19 pm

टनकपुर में हरेला पर्व पर वृक्षारोपण कार्यक्रम, 1200 फलदार और छायादार पौधे वितरित
16 जुलाई 2026 | 08:00 pm