नैनीताल

नैनीताल में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे विवरणों का सत्यापन

गीता जोशी (संपादक) · 8 जून 2026 | 03:22 pm

नैनीताल में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे विवरणों का सत्यापन
विज्ञापन (Top) · Ad Space

नैनीताल: उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इसके अंतर्गत नैनीताल जिले के सभी मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। अभियान का शुभारंभ लोकभवन नैनीताल में किया गया, जहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) को गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) प्रत्येक मतदाता के घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान मतदाता विवरणों का सत्यापन और उन्हें अद्यतन करने का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज हों। इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय और उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक उपस्थित रहे।

अभियान के क्रम में बीएलओ द्वारा कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के आवास पर पहुंचकर उन्हें गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी बीएलओ द्वारा गणना फॉर्म प्रदान किया गया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडेय और अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं से इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि नैनीताल जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। आगामी 7 जुलाई तक एक माह की समयावधि में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के विवरणों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटलाइज किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया है कि फॉर्म देते समय सही जानकारी दें और प्राप्त करते समय फॉर्म की भली-भांति जांच कर लें। मतदाताओं की सुविधा के लिए इसमें आधुनिक तकनीकी फीचर्स का भी समावेश किया गया है।

जो मतदाता नौकरी या अन्य कार्यों के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ फीचर का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता ईसीआई की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं, जिसके दो दिन के भीतर बीएलओ उनसे संपर्क करेंगे। यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ कुल तीन बार घर का दौरा करेंगे। ऐसी स्थिति में बीएलओ घर पर स्टीकर लगाकर अपनी अगली विजिट की तिथि और संपर्क नंबर अंकित करेंगे ताकि मतदाता अपनी सुविधानुसार संपर्क कर सकें।

मतदाताओं से गणना फॉर्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। 8 जून से 7 जुलाई के बीच होने वाले घर-घर भ्रमण के दौरान मतदाताओं से कोई अन्य दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा और 13 अगस्त 2026 तक दावे व आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इन आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके पश्चात 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। पात्र व्यक्ति नया नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म 6 भी भर सकते हैं।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें