कुमाऊं आयुक्त ने जनसुनवाई में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश
गीता जोशी (संपादक) · 16 मई 2026 | 05:03 pm

नैनीताल: आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जनसामान्य की विभिन्न समस्याओं को सुना और अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि विवाद, भरण-पोषण, जाति, स्थाई निवास और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधित मामले आए। इसके साथ ही सड़क निर्माण और धोखाधड़ी जैसे गंभीर प्रकरणों पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बागेश्वर जनपद के गरुड़ विकास खंड अंतर्गत गढ़खेत क्षेत्र के पंचायत सदस्य लक्ष्मण कुमार ने दो सड़कों के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि डोकरा से सेल कोन तक पांच किलोमीटर और थोलिया बजानी से मिजुलिया तक 10 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य पिछले एक साल से लंबित है। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के लगभग 500 परिवारों को लाभ मिलेगा। इस विषय पर कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता की और निर्माण कार्य की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
गौलापार क्षेत्र के एक शिकायतकर्ता ने अपने निवास के निकट स्थित मुर्गी फार्म से होने वाली दुर्गंध की समस्या रखी। शिकायत में बताया गया कि फार्म में लगभग 2000 मुर्गियां मौजूद हैं, जिससे वहां रहना कठिन हो गया है। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने फार्म स्वामी को स्वच्छता, ट्रीटमेंट प्लांट और मैनेजमेंट के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी को मौके की जांच करने और मानकों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
नैनीताल निवासी एक व्यक्ति ने अल्मोड़ा जिले की तहसील लमगड़ा के अंतर्गत वन पंचायत की भूमि पर अवैध मोटर मार्ग निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, एक बाहरी व्यक्ति द्वारा परिजनों के नाम पर भूमि क्रय कर वहां नियमों के विरुद्ध मार्ग बनाया गया है। इस मामले में कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित पक्ष के विरुद्ध सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए।
रामनगर के सावल्दे पश्चिम क्षेत्र से आए एक शिकायतकर्ता ने भूमि के वारिसान नाम दर्ज कराने में धोखाधड़ी का मामला प्रस्तुत किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुरादाबाद निवासी व्यक्तियों ने फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर एक मृतक व्यक्ति की भूमि पर अपना नाम दर्ज करा लिया है। कुमाऊं आयुक्त ने इस गंभीर प्रकरण की जांच के लिए तहसीलदार रामनगर को निर्देशित किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साक्ष्यों की गहनता से जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में अन्य कई स्थानीय शिकायतों का भी समाधान किया गया।
संबंधित ख़बरें

हरकपुर क्वीरा (लक्ष्मी विहार) में सीसी रोड का लोकार्पण, करोड़ों के विकास कार्य गिनाते हुए विकास भगत ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई
19 जुलाई 2026 | 08:24 pm

नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी: 20 जुलाई को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश
19 जुलाई 2026 | 08:20 pm

18 जुलाई से शुरू होगी रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस, रेल मंत्री करेंगे वर्चुअल शुभारंभ
17 जुलाई 2026 | 09:24 pm

हरेला पर्व पर हल्द्वानी के राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में हुआ पौधरोपण
15 जुलाई 2026 | 05:00 pm