नैनीताल में होटल पर कार्रवाई: पानी की बर्बादी और गंदगी फैलाने पर लगा जुर्माना
गीता जोशी (संपादक) · 15 मई 2026 | 03:34 pm

नैनीताल: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मल्लीताल क्षेत्र के होटलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एक स्थानीय महिला और परिवारों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने मौके पर टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया और नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल का चालान किया।
शिकायतकर्ता टण्डन परिवार और डण्डरियाल परिवार द्वारा जिलाधिकारी को दी गई शिकायत में अवगत कराया गया था कि मल्लीताल क्षेत्र में स्थित ब्रॉडवे होटल की टंकियों से लगातार पानी ओवरफ्लो हो रहा है। इस कारण उनके घरों में पानी भर रहा है और सीलन की समस्या लगातार बढ़ रही है। इसके अतिरिक्त शिकायत में यह भी बताया गया था कि ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल द्वारा सार्वजनिक रास्ते में गंदगी फैलाई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद की एक संयुक्त टीम गठित की। इस टीम ने शुक्रवार को संबंधित स्थल का निरीक्षण किया, जहां शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई। जांच के दौरान पाया गया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर लगी टंकी से अनावश्यक रूप से पानी का बहाव हो रहा था, जिससे आसपास के भवनों को नुकसान पहुंच रहा था।
निरीक्षण के बाद जल संस्थान ने तत्काल प्रभाव से होटल का जल संयोजन विच्छेपित कर दिया और पानी के दुरुपयोग पर 5000 रुपये का चालान किया। इसके साथ ही पर्यटन विभाग द्वारा होटल पर 10,000 रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया। वहीं, नगर पालिका परिषद ने होटल परिसर के पास फैलाई गई गंदगी पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार कुल 16,000 रुपये की चालान की कार्रवाई की गई।
इस संयुक्त निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अक्षय भट्ट सहित जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक और पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

हरकपुर क्वीरा (लक्ष्मी विहार) में सीसी रोड का लोकार्पण, करोड़ों के विकास कार्य गिनाते हुए विकास भगत ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई
19 जुलाई 2026 | 08:24 pm

नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी: 20 जुलाई को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश
19 जुलाई 2026 | 08:20 pm

18 जुलाई से शुरू होगी रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस, रेल मंत्री करेंगे वर्चुअल शुभारंभ
17 जुलाई 2026 | 09:24 pm

हरेला पर्व पर हल्द्वानी के राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में हुआ पौधरोपण
15 जुलाई 2026 | 05:00 pm