चंपावत

जिलाधिकारी ने जनता मिलन में सुनीं 83 शिकायतें, तत्काल समाधान के निर्देश जारी

गीता जोशी (संपादक) · 9 मार्च 2026 | 04:51 pm

IMG 20260309 WA0000
विज्ञापन (Top) · Ad Space

चंपावत: जन-सामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 83 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुना और निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण किया जाए। शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाए।

खेतीखान निवासी प्रदीप जोशी ने एक जमीनी विवाद के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पाटी को मामले की त्वरित जांच कर दोनों पक्षों की सहमति से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम मैरोली के सुरेश चंद्र और नारायण दत्त ने अपने गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट और सड़क निर्माण की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने उरेडा और खंड विकास अधिकारी चंपावत को प्रस्ताव तैयार करने तथा अन्य आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए।

ग्राम बिरगुल निवासी नारायण दत्त जोशी ने कान की मशीन की मांग की। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से उनकी तत्काल कान की जांच करवाने तथा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से उन्हें कान की मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्राम चौड़ा राजपुरा की मोती देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। इस मामले में जिलाधिकारी ने बीडीओ चंपावत को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

वार्ड त्यारकुड़ा की बसंती तिवारी ने अपने घर की छत से गुजर रही विद्युत हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग की। जिलाधिकारी ने यूपीसीएल को क्षेत्र का सर्वे कर लाइन विस्थापित करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।

ग्राम गंगनौला की ऋचा जोशी ने अपने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को राशन कार्ड संबंधी आवश्यक कार्यवाही करने, तथा समाज कल्याण विभाग और बीडीओ लोहाघाट को उनकी मांग के संबंध में आवश्यक कदम उठाने हेतु निर्देशित किया।

ग्राम बाजरीकोट निवासी अनिल कुमार ने रोजगार संबंधी मांग रखी। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को अपने विभागीय स्तर पर कार्यवाही करने और उन्हें सीएस सेंटर से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश जारी किए।

नागनाथ वार्ड के योगेश जोशी ने बरसाती नाले के निर्माण की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग और नगरपालिका चंपावत को सर्वे कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम हरम (मंच) की जयंती देवी ने गुलदार द्वारा दुधारू गाय को मारे जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को उन्हें उचित लाभ प्रदान करने हेतु निर्देशित किया।

ग्राम कोयाटी निवासी ईश्वर सिंह बिष्ट ने पेयजल आपूर्ति की समस्या दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए।

ग्राम च्यूराखर्क के अमित खर्कवाल ने खेतों के लिए फेंसिंग और सोलर स्ट्रीट लाइट की मांग की। इस संबंध में जिलाधिकारी ने कृषि व उद्यान विभाग को फेंसिंग हेतु और उरेडा विभाग को प्रकाश व्यवस्था हेतु निर्देशित किया।

ग्राम मटकांडा निवासी झामा देवी ने आधार कार्ड अपडेट न होने की शिकायत की। इस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को उनके आधार कार्ड संबंधी कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए गए।

इसके अतिरिक्त, गणेश पंत, अशोक कुमार, भागीरथी देवी, सुरेंद्र बोहरा, रघुवर रैंसवाल, रेखा देवी, सुभाष पांडेय, मीना देवी सहित अन्य कई शिकायतकर्ताओं की समस्याएं भी दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि संबंधित विभाग अपने स्तर पर शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्या के निस्तारण हेतु समयबद्धता सुनिश्चित करें।

इस ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम में जन समस्याओं के निस्तारण प्रक्रिया के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

विज्ञापन (Middle) · Ad Space
शेयर करें:WhatsAppFacebook
विज्ञापन (Bottom) · Ad Space

संबंधित ख़बरें